महिला सुरक्षा एवं क्राइम कंट्रोल में भाजपा सरकार फेल, अपराध के बढ़ते ग्राफ ने कानून व्यवस्था की खोली कलई: वोरा

women safety

महिला सुरक्षा एवं क्राइम कंट्रोल में भाजपा सरकार फेल, अपराध के बढ़ते ग्राफ ने कानून व्यवस्था की खोली कलई: वोरा

दुर्ग। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अरुण वोरा ने छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं एवं महिलाओं के साथ हो रहे गंभीर अत्याचार को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। वोरा ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद 8 माह में ही कानून व्यवस्था की कलई खुल गई है। जिस तरह की सिहराने वाली खबरें प्रदेश की बोली भाली जनता सिर्फ न्यूज़ चैनलों या समाचार पत्रों में देखा करती थी अब ऐसी वीभत्स घटनाएं कमजोर प्रशासन की वजह से दरवाजे तक आ पहुंची हैं। हर गली मोहल्ले में चाकूबाजी, गोली कांड , लूटपाट, चेन स्नेचिंग जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। सर्वाधिक दुर्भाग्यजनक बात यह है कि 5 साल की बच्ची हो या 50 वर्ष की महिला अपराधियों के बुलंद हौसलों के आगे सब असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ हो रहे यौन अपराधों के प्रति सरकार गंभीर नहीं जिसका नतीजा है कि 8 माह में ही प्रतिदिन 2 से अधिक की औसत से प्रदेश में बलात्कार के मामले सामने आ रहे हैं। दिल्ली का निर्भया केस हो या फिर कोलकाता का ट्रेनी डॉक्टर हत्याकांड महिलाओं के साथ किया जा रहा कोई भी अपराध हर हाल में हर परिस्थिति में अक्षम्य होना चाहिए। कड़े कानूनों के बावजूद स्कूली बच्चों के खिलाफ हो रही यौनाचार की घटनाएं एवं उसके बाद कथित रूप से प्रशासन द्वारा मामले को दबाने का प्रयास किया जाना स्वीकार्य नहीं है। प्रदेश का ऐसा कोई जिला नहीं जहां महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें। रायगढ़-जशपुर से लेकर बीजापुर-कोंडागांव, धमतरी, दुर्ग-भिलाई तक एक दहशत का माहौल है। अब तो राजधानी रायपुर में बस स्टैंड की स्तब्ध करने वाली घटना सामने आ रही है। वोरा ने कहा कि कांग्रेस महिलाओं की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं करेगी और प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ उग्र आंदोलन करेगी।